गांधी पार्क में जुटे कार्यकर्ताओं ने की निष्पक्ष जांच और आरोपों से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान और भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने सोमवार को गांधी पार्क में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपों से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का सवाल केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की अस्मिता, महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने मांग की कि मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच हो तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए।
दल ने कहा कि मामले से जुड़े सवालों का जवाब जांच के जरिए सामने आना चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
यूकेडी के केंद्रीय संगठन मंत्री एवं केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने और मामले से जुड़े सवालों के पारदर्शी जवाब सामने लाने की मांग को लेकर दल लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन में समीर मुंडेपी, देवेंद्र चमोली, देव चंद उत्तराखंडी, प्रकाश भट्ट, लूशुन टोडरिया, अनीता, नैना लखेड़ा, उत्तरा पंत बहुगुणा, ऊषा रमोला, खालिक अहमद, पंकज पोखरियाल और राकेश नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
