प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश भंग्यूल गांव के लिए जल्द बने स्थाई पुल
जोशीमठ (चमोली)। अपने चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा, आपदा प्रबंधन व चमोली जिले के प्रभारी मंत्री डा. धनसिंह रावत ने रविवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र गोविन्दघाट, पांडुकेश्वर, लांमबगड, बेनाकुली रडांगबैंड का स्थलीय निरीक्षण किया तथा बीआरओ व कार्यदायी संस्था को बंद पड़े बदरीनाथ हाइवे को दो दिन में खोलने के निर्देश दिए।
बदरीनाथ से धाम के माणा क्षेत्र से लौट कर प्रभारी मंत्री ने जोशीमठ ब्लाॅक के बड़ागांव, ढाक, आपदा ग्रस्त क्षेत्र तपोवन, भंग्यूल रैणी गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया अधिकारियों को कार्यों को यथा संभव समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही भंग्यूल गांव को जोड़ने वाला झुला पुल जो बीते तीन दिन पूर्व धौलीगंगा में जल भराव के बह गया है जिससे गांव का अन्य क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। जिस पर मंत्री ने अविलंब गांव को जोड़ने के लिए स्थाई पुल का निर्माण किये जाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने रिंगी व भविष्य बद्री धाम सुभाई गांव जाकर जन समस्याएं सुनी। नव निर्मित तपोवन-भविष्य बद्री सुभाई मोटर मार्ग का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई को गुणवत्ता पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। अवसर पर भाजपा के चमोली जिलाध्यक्ष रघुबीर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष जगदीश प्रसाद सती, नगर मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, जिला उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद लम्बूरी, राकेश सिंह भंडारी, सुभाष डिमरी, उपजिलाधिकारी जोशीमठ कुंमकुंम जोशी, अधिशासी अभियंता डीएस नेगी, राजस्व निरीक्षक बल्लू लाल, उप राजस्व निरीक्षक मोहन प्रसाद सती आदि मौजूद थे।
