शेयर करें !
posted on : May 10, 2026 9:18 pm

भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर मांगी सुख समृद्धि की मनौती

गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं समेत भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है। कहा कि भाजपा झूठ और फरेब की राजनीति कर लोगों को बरगलाती है।

रविवार को प्रदेश प्रभारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मनोज यादव, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने बदरीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की मनौती मांगी।

जोशीमठ में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए शैलजा ने कहा कि कार्यकर्ता ही कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। कार्यकर्ताओं के बल पर ही कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी है। आगामी 2027 में उत्तराखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने अभी से कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उनका कहना था कि उत्तराखंड के लोगों ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। इसलिए कार्यकर्ताओं को आम लोगों के बीच पहुंचकर परस्पर संवाद कर लोगों को कांग्रेस  की ओर लाने की दिशा में बड़ी पहल करनी होगी। कहा कि कांग्रेस सभी संप्रदायों को साथ लेकर चलती है। इसलिए पार्टी सभी संप्रदायों को बराबर का प्रतिनिधित्व देती आ रही है। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उनका कहना था कि वह झूठ तथा फरेब की राजनीति करती है। कानून व्यवस्था का नंगा नाच हो रहा है। अंकिता भंडारी को अभी तक भी न्याय नहीं मिल पा रहा है। भाजपा दुष्कर्म करने वालों का ही बचाव करने में जुटी रहती है। रोजगार न मिलने से युवा मायूस हो  चले हैं। कहा कि मौजूदा दौर में सभी लोगों को नए-नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाने होंगे। आगामी चुनाव में एसआईआर को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा वाले लोगों के नाम नहीं कटने चाहिए। मौजूदा दौर में सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य कांग्रेस की सरकार बनाने का होना चाहिए। इसके लिए सभी को समर्पित होकर काम करना होगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अब वक्त बदलाव का है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ कांग्रेस की  सरकार बनाने की दिशा में रातदिन एक करना होगा।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह, ब्लाॅक प्रमुख अनूप नेगी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!