थराली (चमोली)। नई कोरोना गाइड लाइन के बाद शराब की दुकानों को सप्ताह में तीन दिन खुले के निर्देष जारी किये गये है। ऐसे लंबे समय बाद शराब की दुकानों के खुलने पर शराब की दुकानों में भीड़ बढ़ने के आसार नजर आ रहे है। ऐसे में यहां पर शारीरिक दूरी को बनाये रखना प्रशासन व पुलिस के सम्मुख एक बड़ी चुनौती हो सकती है। हालांकि पुलिस व प्रसाशन की ओर से शराब की दुकानों के आगे शारीरिक दूरी बनाये रखने के लिए गोले बनाये जा रहे है।
कोरोना की रोकथाम को लेकर उत्तराखंड सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर कोरोना कफ्र्यू को आठ जून से एक सप्ताह के लिए और आगे बढ़ाते हुए 15 जून तक कर दिया है। हालांकि इस कोरोना कफ्र्यू में लगभग हर व्यापारी वर्ग का ध्यान रखा गया है व्यापारी वर्ग के लिए जहां सप्ताह में दो दिन राशन की दुकानें खुलने के आदेश जारी हुए हैं वहीं रेडीमेड, इलेक्ट्रॉनिक, कम्प्यूटर शॉप, बुक स्टोर के लिए भी दिन नियत किया गया है। वहीं इस लॉकडाउन में सरकार ने शराब के शौकीनों और राजस्व का ध्यान रखते हुए शराब की दुकानों को भी सप्ताह भर के कोविड कफ्र्यू में तीन दिन खोलने के आदेश जारी किए हैं नई एओपी के मुताबिक नौ जून, 11 व 14 जून को शराब की दुकानें खोली जाएंगी।
पिछले एक माह से शराब की दुकाने बन्द हैं। ऐसे में प्रशासन को भी अंदेशा है कि शराब की दुकानों पर भीड़ लग सकती है। ये बात अलग है कि शराब की दुकानें बंद होने के बावजूद भी अवैध रूप से दोगुने से अधिक दामों में शराब उपलब्ध हो रही थी।
दुकानों पर अनावश्यक भीड़भाड़ न हो इसके लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। थाना थराली के थानाध्यक्ष ध्वज्वीर सिंह पंवार ने बताया कि अंग्रेजी शराब की दुकानों के बाहर गोले बनाये गए हैं और चैकी क्षेत्रों में इसके लिए संबंधित चैकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि शराब की दुकानों के बाहर गोले बनाये जाए ताकि दुकान खुलने के दिन शराब की खरीदारी को लेकर कोई भगदड़ न मचे और शारीरिक दूरी का भी पालन हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में शराब की दुकानों के बाहर कोरोना गाइडलाइन का उलंघन न होने पाए इसके लिए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहेगा।
