गोपेश्वर/पोखरी/थराली/जोशीमठ (चमोली)। चमोली पुलिस की ओर से चमोली जिले के सभी थाना व चौकी क्षेत्रांतर्गत रविवार को चौपाल का आयोजन कर लोगों को कानून की जानकारी दी गई। पुलिस ने थाना पुलिस पोखरी के बंगथल, जोशीमठ के लामबगड, पांडुकेश्वर, गोविंदघाट, थराली के ग्वालदम में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष मनोहन भंडारी ने ग्रामीणों को यातायात के नियमों, साइबर ठगी, महिला, बाल अपराध के विषय में जानकारी दी।
आयोजित चौपाल के दौरान पुलिस ने कहा कि संचार सुविधा के प्रसार के साथ ही समाज में साइबर ठगी तेजी से बढने लगी है। जिसे रोकने के लिये समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बैंक की ओर कभी भी आपके खाते की जाकनारी मोबाइल के माध्यम से नहीं ली जाती है। ऐसे में अपने एटीएम और बैंक खातों से संबंधित जानकारी मोबाइल पर किसी को न देने की बात कही। जिससे साइबर ठगी पर प्रभावी रोक लग सकती है। वहीं ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया। इस दौरान थाना पोखरी पुलिस ने ग्रामीणों को मास्क भी वितरित किये। वहीं बंगथल में आयोजित चौपाल के दौरान पुलिस ने दो अनाथ बच्चे आयुष व दिव्यांशु को राशन व कपडें भी दिए। इस मौके पर ग्राम प्रधान ललित मिश्रा, मनोज प्रकाश, मोहन, आशा देवी, मदन लाल और मोहन नेगी आदि मौजूद थे।
