गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकास खंड के नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से निजी वाहन के बिलों के भुगतान में हुई अनियमितता के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने आक्रोश व्यक्त किया है। पार्टी पदाधिकारियों ने मामले में बुधवार को जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत ने बताया कि पोखरी निवासी जगदीश भट्ट की ओर से 23 दिसम्बर 2020 को नगर पंचायत अध्यक्ष पोखरी की ओर से निजी वाहन के बिल लगाकर नियम विरुद्ध भुगतान करने का आरोप लगाया गया था। जिसकी शिकायत जगदीश भट्ट की ओर से जिलाधिकारी चमोली को लिखित रुप में दी गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम की ओर से सम्मभागीय परिवहन अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गई। जिस पर सम्मभागीय परिवहन अधिकारी की ओर से की गई जांच में आरोपों की पुष्टि की गई है। लेकिन जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी की ओर से मामले में सात फरवरी 2021 को वित्तीय अनियमितता की जांच के लिये उपजिलाधिकारी पोखरी व कोषाधिकारी पोखरी को नामित कर जांच के आदेश दिये। लेकिन दो माह गुजर जाने के बाद भी नामित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच नहीं की गई है। ऐसे में सराकरी धन का उपयोग कर रहे लोगों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिसे देखते हुए जिलाधिकारी से मामले की यथा शीघ्र जांच पूर्ण कर कार्रवाई की मांग उठाई गई है। इस मौके पर पार्टी के दशोली ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, अरविंद नेगी, योगेंद्र बिष्ट, संतोष चैधरी, अनीता देवी, ऊषा रावत, भगत कनियाल, लक्ष्मण सिंह बिष्ट लीला रावत आदि मौजूद थे।
