थराली (चमोली)। चमोली जिले के थराली विकास खंड के चेपडो गांव स्थित बेतालेश्वर शिव मंदिर में बुधवार को खून से लतपत एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी।
चेपडो गांव के कुछ लोग जब बुधवार को मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्होंने मंदिर परिसर में बनी कुटिया के बाहर एक खून से लतपत शव देखा जिसकी सूचना अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के शरीर पर बने घाव और मौके पर मिले सबूतों के आधार पर पुलिस इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। मृतक की पहचान चेपड़ों गांव निवासी महिपाल सिंह बिष्ट (43) के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के मुताबिक महिपाल मंगलवार की रात घर नही पहुंचा था और उसकी खोजबीन की जा रही थी। सुबह सूचना मिली कि महिपाल का खून से लतपत शव मंदिर परिसर में पड़ा है।
स्थानीय लोगो और मृतक महिपाल के परिजनों के मुताबिक कुछ दिनों पहले से एक व्यक्ति जो स्वयं को साधु बता रहा था मंदिर परिसर में रह रहा था। लेकिन घटना के बाद से ही अर्थात बुधवार सुबह से ही बाबा फरार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी थराली एस परमार ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से जांच पड़ताल की जा रही है कोशिश की जा रही है कि हत्या का पर्दाफाश किया जा सके।
