पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक के दूरस्थ गांव गुडम में अज्ञात बीमारी से पालतू मवेशी मर रहे हैं। मवेशियों के एक के बाद एक मरने के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना है। ग्रामीणों ने मामले में जिला प्रशासन को पत्र भेजकर गांव में पशु चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग उठाई है।
ग्राम प्रधान सज्जन सिंह ने बताया कि बीते कुछ दिनों से मवेशियों में अज्ञात बीमारी फैल गई है। जिससे मवेशी कुछ दिनों तक बीमार रहने के बाद मर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक गांव के देवेन्द्र सिंह, उमराव सिंह, राकेश सिंह, सतेन्द्र सिंह और दलीप सिंह की गाय और भैंसों की मौत हो चुकी है। मवेशियों के अज्ञात बीमारी से मरने के चलते ग्रामीणों में आजीविका का जरिया खत्म होने का भय बना हुआ है। बताया कि उन्होंने मामले में उप जिलाधिकारी सहित जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पशु चिकित्सकों की टीम गांव में भेजने की मांग की है। जिससे मवेशियों का उपचार कर उन्हें सुरक्षित बचाया जा सके और क्षेत्र में बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
