शेयर करें !
posted on : September 21, 2026 5:27 pm
  • 2025-26 में 32.97 करोड़ का सकल और 22.57 करोड़ का शुद्ध लाभ
  • एनपीए घटकर 30.37 करोड़ पहुंचा

गोपेश्वर (चमोली)। जिला सहकारी बैंक चमोली-रुद्रप्रयाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में लाभ अर्जन के मामले में प्रदेश के जिला सहकारी बैंकों में पहला स्थान हासिल किया है। बैंक ने इस वित्तीय वर्ष में 32.97 करोड़ रुपये का सकल और 22.57 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। बैंक की नेटवर्थ भी बढ़कर 158.03 करोड़ रुपये हो गई है।

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को प्रधान कार्यालय गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत में वित्तीय प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक का रिटर्न ऑन एसेट (आरओए) 1.33 प्रतिशत पहुंच गया है। वहीं 31 मार्च 2026 तक बैंक की कुल जमा राशि बढ़कर 1408.17 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्तीय वर्ष में 1261.49 करोड़ रुपये थी।

बैंक के कुल खाताधारकों और जमा खातों की संख्या 2,16,553 पहुंच गई है। बैंक का कुल ऋण 595.18 करोड़ रुपये है। इसमें चमोली में 422.17 करोड़ और रुद्रप्रयाग में 173.01 करोड़ रुपये का ऋण शामिल है। बैंक का सीडी रेशियो 42.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। बैंक के अनुसार एनपीए में भी कमी आई है। वर्ष 2020-21 में 42.55 करोड़ रुपये रहा एनपीए वित्तीय वर्ष 2025-26 में घटकर 30.37 करोड़ रुपये रह गया। बैंक प्रबंधन ने इसे ऋण वसूली और वित्तीय अनुशासन में सुधार का परिणाम बताया।

रावत ने बताया कि तकनीकी और डिजिटल बैंकिंग में भी बैंक ने विस्तार किया है। चमोली की 48 और रुद्रप्रयाग की 25 समेत कुल 73 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (पैक्स) शत-प्रतिशत कंप्यूटरीकृत हो चुकी हैं। बैंक की ओर से एनईएफटी, आरटीजीएस, एटीएम, पीओएस, एनएसीएच, डीबीटी समेत विभिन्न डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा पहुंचाने के लिए नाबार्ड से वित्तपोषित दो मोबाइल एटीएम वैन संचालित की जा रही हैं। बैंक के अनुसार पिछले पांच वर्षों में इनके माध्यम से 11.76 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी सुविधा लोगों तक पहुंचाई गई। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी मोबाइल एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। किसानों के लिए दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 5,886 लाभार्थियों को 56.73 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किया गया। वहीं सूक्ष्म और लघु उद्यमों को बिना कोलेटरल गारंटी ऋण देने के लिए बैंक ने मई  में सीजीटीएमएसई की सदस्यता ली है।

इस दौरान बैंक के सचिव/महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह, उपमहाप्रबंधक विश्वविजय सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र हटवाल आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!