शेयर करें !
posted on : July 27, 2026 5:03 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की 22 शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे।

जनता मिलन में सुभाष नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने मकान तक पहुंच मार्ग की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। नंदानगर निवासी छुम्ला देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भूमि न होने की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा पात्र पाए जाने पर भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान डूंगा की ओर से प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी निर्माण की मांग पर मनरेगा से कार्य कराने के निर्देश दिए गए। थराली निवासी किशन दानू की विद्युत लाइन हटाने और तारबाड़ संबंधी शिकायतों पर विद्युत एवं कृषि विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। किमाणा-जखोला क्षेत्र के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज जखोला में शिक्षकों की कमी, गैस सिलेंडर और मोबाइल नेटवर्क की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके लिए पूर्व सर्वेक्षण से जुड़े अधिकारियों के स्थान पर अन्य अधिकारियों की तैनाती कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रहे। इसके अलावा वीरेंद्र दानू, दिनेश सिंह, संतोषी, आनंद सैलानी, राकेश लाल समेत अन्य शिकायतकर्ताओं की समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे आदि मौजूद रहे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!