रूद्रप्रयाग। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा रुद्रप्रयाग ने रविवार को रूद्रप्रयाग पहुंच कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन करती है और आगामी विधान सभा चुनाव में इस मुद्दे को अपने घोषणा पत्र में भी शामिल करेंगी।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए ज्ञापन सौंपने पहुंचे कर्मचारियों से केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने कहा कि वह कर्मचारियों की इस पीड़ा से अवगत हैं। जल्द ही शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को सदन में कांग्रेसी विधायकों की ओर पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
आईटी सेल प्रभारी अवधेश सेमवाल ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग कर्मचारियों की जायज मांग है। उन्होंने उम्मीद जताई 23 अगस्त से प्रारम्भ होने वाले विधानसभा सत्र में पुरानी पेंशन बहाली हेतु कोई ठोस निर्णय निकलेगा। जिला अध्यक्ष अंकित रौथाण ने कहा कि वर्षो की शासकीय सेवा के बाद नई पेंशन योजना का झुंनझुना कर्मचारियों को पकड़ाया जा रहा जो सरासर गलत है। सरकार को जल्द ही पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। इस मौके पर संरक्षक शंकर भट्ट, णबीर सिन्धवाल आदि मौजूद थे।
