गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व विधायक रणजीत रावत को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष और गढ़वाल विधान सभा प्रभारी बनाये जाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता गौरव फरस्वाण ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किया है।
गौरव फरस्वाण ने कहा कि रणजीत रावत के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी और आगामी विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत हासिल होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एक उर्जावान युवा है और उनकी जो टीम बनी है वह टीम प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने में अहम भूमिका निभायेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस प्रदेश को जो विकास की गति दी थी उसे यहां की जनता भूल नहीं पायी है और आने वाले समय में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनेगी और प्रदेश विकास की नई उंचाईयों पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार से जनता काफी त्रस्त हो चुकी है। इस बार जनता भाजपा को उनके वायदों से मुकरने का सबक सीखायेगी। जनता मंहगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य की समस्या से जुझ रही है। लेकिन सरकार है कि सिर्फ हवाई सपने जनता को दिखा रही है। भाजपा की करनी और कथनी को जनता अब समझ गई है। और इसका जबाव देने को तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की जो नई टीम बनी है उससे जनता को काफी आशाऐं है और उन पर यह टीम खरा उतरेगी ऐसी सभी को आशा है।