जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक के सलना गांव में बीती दो मार्च को संदिग्घ परिस्थितियों में मरने वाली गर्भवती महिला के मामले को लेकर गुरूवार को भ्यूंडार की महिलाओं ने जोशीमठ थाने में जमकर बवाल कटा। जिसके बाद पुलिस ने गुरूवार घटना के 24 दिनों बाद आरोपी सास और मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि बीती दो मार्च को जोशीमठ ब्लॉक की उर्गम घाटी के सलना गांव में चार माह की गर्भवती ममता का शव उसे ससुराल में छत से लटका मिला था। जिस पर ममता के मायके पक्ष की ओर से राजस्व पुलिस में दहेज उत्पीड़न के चलते मौत का मामला दर्ज करवाया गया था। जिसके बाद बीती 17 मार्च को राजस्व पुलिस की ओर से मामले को रेगुलर पुलिस को सौंप दिया गया है। लेकिन वर्तमान तक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से मृतक के परिजनों में आक्रोश बना हुआ था। जिसके चलते आज भ्यूंडार गांव की महिलाओं ने जोशीमठ थाने में पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने विवाद बढता देख आरोपी सास और मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। इधर सीओ विमल प्रसाद का कहना है कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर सास और पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
