गोपेश्वर (चमोली)। नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल ने कहा कि पालिका एक परिवार के समान है सभी को इसके विकास के लिए एकजुटता के साथ आगे आना चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से बच कर समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
मंगलवार को पालिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पालिका के एक पार्षद जो उन पर आरोप लगा रहे है कि बिना किसी निविदा के कार्य करवाये जा रहे है, बेबुनियाद है। उनका कहना है कि यदि उनके वार्ड में कोई कार्य हो रहा था तो उन्होंने इसकी कोई लिखित शिकायत नहीं की है। पालिका ने वार्ड के लोगों के अनुरोध पर ही वहां पर कार्य करवाया है। जो पालिका के विकास कार्य में आता है। उन्होंने कहा कि रही बात पालिका के दुकानों की आवंटन की तो इसकी प्रक्रिया के लिए अधिशासी अधिकारी को कहा गया है और दुकानों के निरीक्षण के बाद इनका आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पालिका के एक पार्षद ने दुकानों के आवंटन के लिए अपनी पत्नी के नाम से पत्रावली तैयार करवायी थी जिस पर मैने आपत्ति की थी और यह नियम विरूद्ध था। जिसको लेकर भी मुझ पर अनावश्यक रूप से दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ जो दुकाने सबलेट होने की बात की जा रही है उसका भी सर्वे किया जा रहा है और यदि ऐसा पाया जाता है तो उन पर कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि मुझ पर कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता होने का आरोप लगाया जा रहा है जिस पर मेरा कहना है कि मैं चुना हुआ जनप्रतिनिधि हुं और सभी को समान दृष्टि से देखता हुं। मेरे मन में कोई राजनैतिक द्वेष भावना नहीं है पालिका के सभी पार्षदों को समान रूप से उनके वार्डों में विकास कार्य करवाये जा रहे है। जो इस तरह के बयान दिये जा रहे है वे पालिका को बदनाम करने और उनकी छवि को धूमिल करने के प्रयास से दिये जा रहे है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य पालिका हित में किये जा रहे है। यदि किसी कोई आपत्ति है तो वह उसकी जांच करवा सकते है। उन्होंने कहा कि पालिका के अंतर्गत एक करोड से अधिक के कूड़ादान वितरण की बात सामने आ रही है जिसका पालिका से कोई संबंध नहीं था। और ना ही पालिका से इस संबंध में कोई एनओसी ली गई है। यदि ऐसा मामला है तो इसकी भी जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पालिका क्षेत्रांतर्गत सीसीटीवी कैमरे लगवाये जाने का प्रस्ताव पारित किया गया है सभी पार्षदों को अपने वार्डों में सर्वे कर नियत स्थान बताने के लिए कहा गया जिसके बाद सीसीटीवी कैमरे लगवाये जायेंगे। इस मौके पर पार्षद उमेश सती, राहुल कुमार, राजेंद्र लाल, उषा फरस्वाण, बीना देवी आदि मौजूद थे।
