गोपेश्वर/पोखरी (चमोली)। चमोली जिले में हरेला पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर जिले के विभिन्न स्थानों पर वन विभाग के साथ ही स्वयं सेवी संस्थाओं, स्कूलों, काॅलेजों, के छात्रों, एनएसएस, एनसीसी के कैडेटों ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण को स्वच्छ बनाये रखने की शपथ ली।

जिला मुख्यालय गोपेश्वर में वन प्रभाग के तत्वाधान में गैर पुल स्थित ईको पार्क में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, मुख्य विकास अधिकारी वरूण चैधरी सहित जिले तमाम वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हरेला पर्व पर पौधारोपण किया। दूसरी ओर गोपेश्वर वन पंचायत क्षेत्र में वरिष्ठ पर्यावरणविद् चण्डी प्रसाद भट्ट की अगुवाई में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान अखरोट, अनार, चूरा, भमोरा, हरड़, वहेडा, गरूढ, पीपल, चंदन आदि विभिन्न प्रजाति के फलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। जनपद में सभी वन पंचायतों में भी हरेला पर्व पर पौधारोपण अभियान का आगाज हुआ।

जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने पूरे जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरेला महोत्सव पर सभी से पौधरोपण करने और उनके संरक्षण के लिए संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोकपर्व हरेला का उदेश्य पर्यावरण और जल संरक्षण से जुडा है। बदरीनाथ वन प्रभाग के उप वन संरक्षक सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि हरेला पर्व पर इस बार 50 प्रतिशत फलदार एवं 50 प्रतिशत वन प्रजाति के पौधों लगाए जा रहे है। जनपद में 350 से अधिक वन पंचायत है और वन विभाग के माध्यम से प्रत्येक वन पंचायत को 75 पौध निःशुल्क दी जा रही है। इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, जल संस्थान, शिक्षा सहित अन्य तमाम विभागों के सहयोग से पूरे जनपद में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम शुरू किया गया।  इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा पासवान, पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता डीपी पुरोहित, केदारनाथ वन प्रभाग के उप वन संरक्षक इन्द्र सिंह नेगी, उप वन संरक्षक एनबी शर्मा, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी आदि मौजूद थे।

                                             

वहीं जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली नरेंद्र दत्त ने न्यायालय परिसर तथा उपभोक्ता विवाद परितोष के कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर हरेला पर्व मनाया। इस मौके पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिविल जज सीनियर डिवीजन सिमरन जीत कौर समेत बार संघ के सदस्य मौजूद थे। प्रजापति ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से केंद्रीय विद्यालय गोपेश्वर में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भी गोपेश्वर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर हरेला पर्व मनाया।

 

महाविद्यालय गोपेश्वर में एनएसएस, एनसीसी, रोवर्स रेंजर्स की ओर से विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया। नर्सिंग काॅलेज के छात्रों ने भी विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर हरेला पर्व मनाया। सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कालेज के छात्रों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

 

                   

पोखरी विकास खंड के राजकीय इंटर कालेज गोदली में भी पेड़ वाले गुरूजी धनसिंह घरिया के नेतृत्व में विद्यालय की खाली पड़ी भूमि पर फलदार पौधों का रोपण किया गया, वहीं पोखरी रेंज की ओर से राजकीय इंटर कालेज नैल सांकरी में पौधरोपण किया गया। इस मौके पर बदरीनाथ के विधायक राजेंद्र भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, ब्लाॅक प्रमुख प्रीति भंडारी, वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप गौड़ ने विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया। इधर बीएड प्रशिक्षण संस्थान जिलासू में बीएड के प्रशिक्षु छात्रों ने 50 से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया।

 

चमोली जिले के घाट विकास खंड के शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य प्रो. केएन बरमोला के देखरेख में हरेला पर्व पर पौधरोपण किये गये। घाट के ब्लाक प्रमुख भारती फरस्वाण की ओर से ग्राम पंचायत फाली में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

 

उद्यान विभाग चमोली की ओर से हरेला पर्व पर जनपद के 29 उद्यान संचल केंद्रों पर विभिन्न प्रजाति के पांच हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। जिला मुख्यालय गोपेश्वर के गंगोल गांव में पौधरोपण के साथ ही कृषकों के साथ गोष्ठी भी की गई जिसमें कृषकों को विभाग की ओर से दी जाने वाली योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, प्रभारी उद्यान सचल केंद्र रघुवीर सिंह राणा, पार्षद प्रियंका बिष्ट, जगत लाल, प्रकाश चंद्र आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!