शेयर करें !
posted on : July 22, 2026 3:22 pm
Independence Day 2026 Greetings

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखण्ड क्रांति दल (उक्रांद) ने चमोली जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन कर चमोली के उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है। दल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और लापरवाही के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बुधवार को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने चमोली जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण और राज्य आंदोलकारी कमल किशोर डिमरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि चमोली की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के चलते थराली और गोपेश्वर में गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की मौतें हो चुकी है। इन मौतों की  उच्चस्तरीय जांच की जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने  जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक की पर्याप्त व्यवस्था, अल्ट्रासाउंड जांच में हो रही देरी समाप्त करने, सीएचसी थराली में अल्ट्रासाउंड मशीन एवं तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति, जर्जर एंबुलेंसों के स्थान पर नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा पर्वतीय क्षेत्रों के लिए 24 घंटे एयर एंबुलेंस सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई।

यूकेडी नेताओं ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव लोगों के जीवन पर भारी पड़ रहा है। सरकार को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस दौरान एसपी पुरोहित, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, जिला संगठन मंत्री अंकित पंत, जिला सचिव सत्य प्रसाद पांडे, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष महावीर पंवार, धर्मेंद्र फरस्वाण, अशोक बिष्ट, सुदर्शन नेगी, सूरज नेगी, सूरज सुंद्रियाल आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!