शेयर करें !
posted on : November 9, 2021 12:11 am

गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट ने  बदरीनाथ विधान सभा क्षेत्र के लिए विभिन्न सामग्री खरीद के लिए बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाये हुए अपने चेहते भाजपा नेता को फायदा पहुंचाने के लिए डेढ़ करोड़ की धनराशि उनकी संस्था को दी गई। जबकि धरातल पर एक भी सामग्री लोगों को उपलब्ध नहीं करवायी गई है। जिसकी जांच की मांग उन्होंने गढ़वाल आयुक्त और जिलाधिकारी चमोली को भेजी है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर की जांच प्रक्रिया शुरू की जाए।

गोपेश्वर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी को निशाना बना कर उन्हें कमजोर किये जाने का प्रयास किया जा रहा है। और भाजपा जिलाध्यक्ष के ज्ञापन पर दो दिन के भीतर जिला पंचायत की जांच के आदेश हो जाते है और मेरे ओर से पांच दिन पूर्व विधायक के खिलाफ विधायक निधि में अपनायी गई अनियमितता की जांच की मांग पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के लिए अलग नियम और कानून और विपक्ष के लिए अलग न्याय व्यवस्था यह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता का दुरूपयोग कर उनके साथ दोहरे मापदंड अपना रही है। जिसका उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने विधायक पर यह भी आरोप लगाये कि 2017 से 2021 तक विधायक निधि में भारी अनियमितता बरती गई है। जो भी कार्य विधायक निधि से होने की बात की जा रही है वह धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रहे है। बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के अपने चेहतों को कार्य दिये गये और सभी कार्य सिर्फ कागजों पर भी समाप्त हो गये है। उनकी भी जांच होनी चाहिए और जिस कार्यदायी संस्था ने कार्य किये है उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दो-दो आईएएस अधिकारियों ने जिला पंचायत के नंदादेवी राजजात यात्रा के कार्यों की जांच की है जिसमें उन्हें क्लीन चिट दी गई है। उसके बाद फिर से जिला पंचायत की जांच करवायी जा रही है। इससे साफ है कि भाजपा अपनी हार पहले ही मान चुकी है और जिला पंचायत अध्यक्ष के बहाने राजेंद्र भंडारी पर निशाना साधा जा रहा है। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा में दम है तो  वह जिला पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव लेकर दिखाये। फिर पता चल जायेगा कि किस में कितना दम है। इस मौके पर सेवादल की अध्यक्ष अनिता बिष्ट, उषा रावत, अरविंद नेगी, तेजवीर कंडेरी, रविंद्र नेगी, हरेंद्र राणा, योगेंद्र बिष्ट उषा फरस्वाण आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!