जोशीमठ (चमोली)। आईटीबीपी के पर्वातारोहण एवं स्कीइंग संस्थान औली की ओर से फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज के तहत 18 किलोमीटर के ट्रकिंग अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान आईटीबीपी, प्रथम वाहिनी के 86 अधिकारी कर्मचारियों ने ट्रैकिंग अभियान में भाग लिया। शुक्रवार को आईटीबीपी के महानिदेशक एसएस देसवाल ने बीते एक माह से संचालित अभियान का समापन किया।
बता दें कि भारत सरकार की ओर से एक दिसम्बर से संचालित फिट इंडिया कैम्पेन के तहत आईटीबीपी औली की ओर से फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज अभियान का संचालन किया गया। इस अभियान के दौरान आईटीबीपी की ओर से साइलिंग, स्कीइंग और जागरुकता अभियान चलाया गया। वहीं इस दौरान वीरवार को संस्थान की ओर से औली से गोरसों बुग्याल तक 18 किलोमीटर के ट्रैकिंग अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें महानिदेशक, अपर महा निदेशक व आईटीबीपी पर्वतारोहण संस्थान तथा प्रथम वाहिनी के छह अधिकारियों, 20 अधीनस्थ अधिकारियों और 60 अन्य कर्मियों ने भाग लिया। इस ट्रैकिंग अभियान के समापन के साथ ही शुक्रवार को फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज का भी समापन किया गया। इस मौके पर संस्थान के प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह चैहान, नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और जवान भी मौजूद थे।
