देवाल (चमोली)। चमोली जिले के देवाल विकास खंड के सवाड़ गांव में पशुपालन विभाग देवाल की ओर से राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत शनिवार को ब्लाॅक स्तरीय पशुधन मेले का आयोजन किया गया। पशुधन मेले में पशुपालकों को विभिन्न वर्गों में पुरुस्कार वितरित किये गये। कौशल्या देवी की गाय को प्रथम पुरस्कार, भैंस वर्ग में शांति देवी की भैंस को प्रथम पुरस्कार, घोडा वर्ग में कुमारी कविता और बैल जोडी वर्ग में कविता देवी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। पशुधन मेले में पशुपालकों के सौ से अधिक मवेशियों नें प्रतिभाग किया।
पशुधन मेले में मुख्य अतिथि ब्लाॅक प्रमुख देवाल दर्शन दानू नें विजेताओं को पुरुस्कार प्रदान करते हुए कहा की पशुपालन के जरिए पशुपालकों की आर्थिक मजबूत हो सकती है। वही देवाल के पशुचिकित्साधिकारी डाॅ. नितिन बिष्ट नें पशुधन मेले में आये पशुपालकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा पशुपालकों को पशुपालन के जरिए स्वरोजगार करने के लिए आगे आने को कहा। पशुधन मेले में ग्राम प्रधान सवाड कंचना देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीक्षा मेहरा, उप प्रधान कलम सिंह खत्री, पशु चिकित्साधिकारी थराली अमित महेश्वरी, पशु चिकित्साधिकारी मुंदोली डाॅ. पुष्पा, पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट शिशुपाल पोखरियाल, पशुधन प्रसार अधिकारी बुरागाड विनोद कुमार कुनियाल आदि मौजूद थे।
