गोपेश्वर (चमोली)। सुरक्षित यातायात एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर शनिवार को अपर जिलाधिकारी चमोली अनिल कुमार चन्याल की अध्यक्षता में क्लेक्ट्रेट सभागार गोपेश्वर में सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। जिसमें जनपद के चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों का सुधारीकरण पर जोर दिया गया। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग सहित विभिन्न संपर्क मार्गो पर 97 दुर्घटना संभावित स्थल चिह्नित किए गए है।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद में चिह्नित सभी ब्लैक स्पाॅटों के सुधारीकरण के लिए पैराफीट, क्रैशबैरियर, डेलमिनेटर, चेतावनी साइनबोर्ड लगाने तथा सडकों के गढढों को ठीक करने के निर्देश सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को दिए। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पाॅटों के सुधारीकरण के लिए प्लान बनाकर कार्य करें। सड़कों के जितने भी पुलों पर रैलिंग नही है उनको चिह्नित कर रैलिंग लगाई जाए और साल में एक बार सड़क पर बने पुलों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक मरम्मत की जाए। अधिकतर घटित दुर्घटनाओं के कारण वाहन चालक की लापरवाही तथा सायं चार से आठ बजे के बीच पाए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने पुलिस, परिवहन एवं एसडीएम को सायं के समय विशेषकर वाहनों की चैकिंग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कडी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क से जुड़े सभी विभागों को अपनी सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं का पूरा ब्यौरा रखने तथा जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुई है उनका विश्लेषण करते हुए तत्काल सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां पर भी सड़कों पर मलवा पडा है या अवैध रूप से निर्माण सामग्री रखी हुई है संबधित सड़क विभाग का जेई नियमित नजर रखते हुए तुंरत की इसकी रिपोर्ट तहसील कार्यालय को दे। ताकि इस पर कार्यवाही की जा सके। बैठक में एआरटीओ ने बताया कि तहसील स्तरों पर कैम्प लगाकर वाहन चालकों के स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र परीक्षण किया गया है और सड़क यातायात नियमों की जानकारी दी गई है। यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कडी कार्रवाई भी की जा रही है। बैठक में एसडीएम कौशतुभ मिश्र, एसडीएम सुधीर कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, सीएमओ डा. जीएस राणा, मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला, एआरटीओ आॅल्विन राॅक्सी आदि मौजूद थे।
