जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक के थैंग गांव के ग्रामीणों को अब अपने गांव तक जाने के लिये पैदल दूरी नहीं नापनी होगी। मंगलवार को यहां बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने गांव को जोड़ने वाली मारवाड़ी-थैंग सड़क पर बने पुल का लोकापर्ण कर दिया है। अभी तक ग्रामीणों को अपने गांव तक जाने के लिये पांच किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही थी।
बता दें वर्ष 2010 में पीएमजीएसवाई की ओर से मारवाड़ी-थैंग सड़क का हिल कटिंग कार्य पूर्ण कर दिया गया था। लेकिन सड़क पर थली गदेरे में प्रस्तावित पुल का निर्माण न होने से यहां वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही थी। जिसके चलते ग्रामीणों को यातायात की सुविधा के लिये पांच किलोमीटर की पैदल दूरी नापनी पड़ रही थी। अब यहां विभाग की ओर से एक करोड़ 90 लाख की लागत से 15 मीटर स्पान का मोटर पुल तैयार कर लिया गया है। जिसका बदरीनाथ विधायक की ओर से लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी गांव के विकास के लिये जरुरी है। जिसके चलते केंद्र और राज्य सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस मौके पर ग्राम प्रधान महावीर पंवार, विधायक प्रतिनिधि ग्रामीण गुड्डू लाल, जगदीश सती, लक्ष्मण फरकिया, किशोर पंवार, राकेश भंडारी, धर्मेंद्र नेगी और शैलेश नेगी आदि मौजूद थे।
