पोखरी (चमोली)। भारतीय कम्यूनिस्ट पाटी (सीपीआई) के पूर्व प्रदेश सचिव ने भाजपा का दामन थामने के बाद पहली बार पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि उन्हें इस बात का मलाल है कि उन्होंने अपनी जवानी का कीमती समय राजनीति की बंजर खेती को खोदने और सींचने में गंवाया, जिस कारण उनका लंबा संघर्ष और कड़ी मेहनत का परिणाम उनके पक्ष में नहीं आया। उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना से उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
पोखरी में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में रहकर ही वह समाज सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा सीमांत जनपद चमोली के विकास के लिये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को बदरीनाथ विधान सभा से चुनाव लडना चाहिये जिसके लिये बदरीनाथ विधान सभा के वर्तमान विधायक महेंद्र भट्ट जी मुख्यमंत्री को पहले ही निमंत्रण दे चुके हैं। जिसका वे दिल से समर्थन भी करते हैं। यही नहीं सीमांत जनपद चमोली के लोग भी मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने पर बहुत प्रसन्न है और उन्हें भारी बहुमत से जिताकर विधान सभा में भेजने के लिये उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि सीएम के बदरीनाथ विधान सभा से चुनाव जीतने से जनपद का चैतरफा विकास होगा यहां विकास की गंगा बहेगी।
पत्रकार वार्ता में आनंद सिंह राणा अति उत्साह में यहां तक कह गये कि छह माह के लिए चुनाव न करवा कर मुख्यमंत्री को निर्विरोध यहां से विधान सभा भेजा जाए। इस जन भावना को कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टियों को क्षेत्र हित में सकारात्मक रूप से समझने की आवश्यकता है। इस मौके पर भगवती प्रसाद जोशी, राकेश वासकन्डी भी मौजूद थे।
