गोपेश्वर (चमोली)। गढ़वाल संसदीय सीट से जीत हासिल करने के बाद पहली बार चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद अनिल बलूनी ने शनिवार को जनता से मिलकर उनका आभार प्रकट किया। साथ ही पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन लगातार बढ़ता जा रहा है। हम भारत सरकार और राज्य सरकार के साथ मिलकर जुलाई के अंत तक पलायन के खिलाफ कार्य करेंगे। पलायन के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में राजनितिक प्रतिनिधित्व घटा है हमारा लक्ष्य पलायन रोकना है और पहाड़ों में राजनितिक प्रतिनिधित्व बढ़ाना है।
उन्होने कहा कि हम रिवर्स माइग्रेशन के लिऐ कार्य करेगें। हमें पलायन के खिलाफ एक जंग लड़नी है। हम अगले महीने मेरा वोट मेरा गांव आभियान चलाएंगे। प्रावासी लोग चुनावों में अपने गांव में वोट देंगे। नवनिर्वाचित सांसद ने जिले के लोगों को पासपोर्ट बनाने में आ रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए कहा कि बहुत जल्दी गोपेश्वर में पासपोर्ट केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गढ़वाल लोक सभा में बहुत सारे क्षेत्रो में विकास के कार्य होने हैं सड़क हो या कनेक्टविटी या रोजगार हो सभी मे बेहतर समन्वय से कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि गढ़वाल का कोई क्षेत्र किसी भी प्रकार से विकास से अछूता नहीं रहेगा। हमारी लोकसभा देश की सबसे अग्रणी लोकसभा होगी। उन्होने कहा कि मैने राज्यसभा सांसद रहते हुए क्षेत्र के विकास में कोई कमी नही की है खासकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में अलग-अलग जिलों में कार्य किया, जिसका लाभ आम जनमानस को मिल रहा है। गोपेश्वर में मल्टीस्पेशलिस्ट चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रयास किया जायेगा। गढ़वाल सांसद ने दावा किया कि बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा रिकॉर्ड मतों से विजय होगी। बदरीनाथ विधानसभा में हर समस्याओं पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपने चुनाव में बहुत पसीना बहाया, बहुत मेहनत की है, अब पसीना बहाने के बारी मेरी है। मैं चुनाव मे किए गए हर वादे को शत प्रतिशत पूरा करूंगा। कार्यकर्ताओं की मेहनत बेकार नहीं जाने दूंगा। उन्होंने कहा कि हमे रिकॉर्ड मतो से विधानसभा बदरीनाथ विधानसभा जीतना है। हर कार्यकर्ता को पूरी मेहनत से चुनाव में जुटना है। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, थराली विधानसभा के विधायक भोपाल राम टम्टा, बदरीनाथ विधानसभा उप चुनाव मे भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भण्डारी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रघुबीर बिष्ट, युवा मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला, राष्ट्रीय मिडिया मिडिया सदस्य शेखर वर्मा, जिला महामंत्री कुलदीप वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र हटवाल मौजूद थे।