पोखरी (चमोली)। क्षेत्र पंचायत नागपुर-पोखरी की पहली बैठक में विकास योजनाओं में गति लाने का संकल्प जताया गया।
ब्लॉक प्रमुख राजी देवी की अध्यक्षता में हुई क्षेत्र पंचायत सदस्यों की पहली बैठक में विकास कार्यक्रमों पर चर्चा की गई और विकास योजनाओं में गति लाने का संकल्प लिया गया। बैठक की शुरुआत नव निर्वाचित सदस्यों और विकास खंड कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के आपसी परिचय के साथ हुई। इस अवसर पर प्रमुख राजी देवी ने कहा कि विकास योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने और उन्हें गति देने के लिए सभी प्रतिनिधियों व कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। सभी का लक्ष्य समग्र विकास होना चाहिए। इससें समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सकेगा। खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने कहा कि हर गांव का विकास ही हम सबका उद्देश्य है। विकास कार्यक्रमों में पारदर्शिता, तालमेल और सहभागिता की भावना आवश्यक है।
बैठक में सहायक खंड विकास अधिकारी देवेन्द्र खंडूरी, एडीओ पंचायत प्रदीप नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, कनिष्ठ प्रमुख शिवलाल, नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं विकास खंड कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र रावत ने किया।
