शेयर करें !
posted on : May 12, 2026 5:10 pm

गोपेश्वर (चमोली)। अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष (आईएफएडी) सहायतित ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में चमोली जनपद के ग्राम कोलानी निवासी पूजा देवी ने बेकरी व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में गणेश स्वयं सहायता समूह एवं सरस्वती स्वायत्त सहकारिता, माईथान से जुड़ी पूजा देवी को व्यक्तिगत बेकरी यूनिट स्थापित करने के लिए त्म्।च् परियोजना के तहत 75 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। परियोजना से मिले सहयोग के बाद उन्होंने अपने गांव में बेकरी यूनिट शुरू की और आज यह उद्यम उनकी आय का मजबूत स्रोत बन चुका है।

मौजूदा समय में पूजा देवी विभिन्न प्रकार के बेकरी उत्पाद तैयार कर स्थानीय बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध करा रही हैं। उनके उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।  इससे वह प्रतिमाह लगभग 40 से 50 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। इस व्यवसाय ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि गांव में उन्हें एक सफल महिला उद्यमी के रूप में नई पहचान भी दिलाई है।

पूजा देवी ने बताया कि रीप परियोजना से मिले सहयोग ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआत छोटे स्तर से की थी, लेकिन आज उनका बेकरी व्यवसाय परिवार की आर्थिक मजबूती का बड़ा आधार बन गया है।

ग्रामोत्थान परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा स्वरोजगार के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि करना है। परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।

 

 

 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!