देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
Greetings
शेयर करें !
posted on : November 25, 2026 6:28 pm
  • सिमली में मेडिकल कॉलेज या पूर्ण बेस अस्पताल बनाने की मांग पर जनजागरण अभियान

कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग ब्लाॅक के सिमली में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन तेज होने जा रहा है। महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा देने अथवा यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग पर बेस अस्पताल संघर्ष समिति 27 नवंबर से जिलेभर में अधिकार यात्रा निकालेगी। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर करीब चार लाख की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाओं के सवाल पर एकजुट किया जाएगा।

बुधवार को कर्णप्रयाग में पत्रकार से बातचीत करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सिमली भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। यह चमोली के सात विकासखंडों के साथ बागेश्वर, अल्मोड़ा, पौड़ी और रुद्रप्रयाग के लोगों के लिए भी सुविधाजनक केंद्र है। यहां मेडिकल कॉलेज या पूर्ण बेस अस्पताल स्थापित होने से करीब चार लाख की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। गैरसैंण की निकटता के कारण भी यह स्थान स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय से उठाई जा रही मांग की अनदेखी कर रही है। अस्पताल में चिकित्सकों और जरूरी संसाधनों की कमी बनी हुई है। भवन और उपकरणों पर खर्च होने के बावजूद क्षेत्रीय लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति को मेडिकल कॉलेज या पूर्ण बेस अस्पताल से कम कोई विकल्प स्वीकार नहीं है।

नेगी ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो सीमावर्ती जिलों के लोगों को साथ लेकर महापंचायत आयोजित की जाएगी। समिति ने अधिकार यात्रा को स्वास्थ्य सुविधाओं के सवाल पर व्यापक जनसमर्थन जुटाने का माध्यम बताया।

इन क्षेत्रों में पहुंचेगी अधिकार यात्रा

बेस अस्पताल संघर्ष समिति की अधिकार यात्रा 27 नवंबर को चंडिका मंदिर में पूजा-अर्चना और वाण में लाटू देवता का आशीर्वाद लेकर शुरू होगी। इसके बाद 28 नवंबर को थराली, 29 को नारायणबगड़ और 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक गैरसैंण क्षेत्र में जनसंपर्क किया जाएगा। तीन दिसंबर को कर्णप्रयाग, चार को पोखरी, पांच को नंदानगर और छह दिसंबर को गोपेश्वर व ज्योतिर्मठ में सभाएं आयोजित की जाएंगी। यात्रा के दौरान मेडिकल कॉलेज या पूर्ण बेस अस्पताल की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!