गोपेश्वर/थराली/कर्णप्रयाग (चमोली)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात साल के कार्यकाल पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को चमोली जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यकर्ताओं ने रक्तदान के साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क और सेनेटाइजर का वितरण भी किया।
चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से रक्तदान के लिए सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई साथ ही वृद्धाश्रम में मास्क व सेनेटाइजर का वितरण किया गया। वहीं भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्रपंचायत सदस्य, नगर पालिका अध्यक्षों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। नारायणबगड में भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने 49 यूनिट रक्तदान किया तथा एक सूची भी अस्पताल को सौंपी है। ताकि आवश्यकता पड़ने पर रक्त की कमी को दूर किया जा सके। कर्णप्रयाग में भी भाजपा नेता टीका प्रसाद मैखुरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उप जिलाचिकित्सालय कर्णप्रयाग में भर्ती मरीजों को मास्क व सेनेटाइजर का वितरण किया गया। वहीं जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से दस यूनिट रक्त दान किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, नगर मंडल अध्यक्ष विनोद कनवासी, राज्यमंत्री पुष्पा पासवान, अध्यक्ष जिला भेषज संघ सतेन्द्र सिंह असवाल महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष संजय कुमार, अमित कुमार, महेश कुमार, दीपक टमटा, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष प्रियंका बिष्ट, कला पाठक, सरोज कुंवर, लक्ष्मी बिष्ट, दीपा रावत आदि मौजूद थे।
