गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में शिवरात्रि के पर्व को लेकर शिव मंदिरों में तैयारियां शुरु हो गई हैं। यहां शिव भक्तों ओर से शिव मंदिरों को जहां एक ओर फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर मंदिरों में शिवरात्रि के विशेष पूजाओं के लिये मंदिरों में तैयारियां शुरु हो गई हैं।
चमोली जिले में गोपेश्वर स्थिति गोपीनाथ मंदिर सहित तुलसी महादेव, सकलेश्वर, बामनाथ, बैरासकुंड, बटलेश्वर, कल्पेश्वर सहित सभी शिव मंदिरों में शिवरात्रि की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। गोपीनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी हरीश भट्ट ने बताया कि शिवरात्रि का पर्व नगर में पौराणिक काल से ही भव्य रुप से मनाया जाता है। शिवरात्रि के दिन यहां ब्रहम मुहूर्त में पूजा-अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है। वहीं मंदिर में जलाभिषेक के लिये भी पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
