शेयर करें !
posted on : November 23, 2020 4:58 pm

पोखरी (चमोली)। देश में छोटे उद्योगों के जरिये भले ही सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के नारे को जोर शोर से प्रचारित कर रही है। लेकिन पोखरी ब्लॉक के चांदनीखाल में ऐसे ही लघु उद्योगों के विकास के लिये 80 के दशक में शुरु किया गया प्रशिक्षण केंद्र वर्षों से कर्मचारियों के अभाव में बंद पड़ा है। ऐसे में छोटे उद्योगों के जरिये युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास महज हवाई साबित हो रहे हैं।

बता दें कि वर्ष 1980 में पोखरी ब्लॉक के युवाओं को कताई और बुनाई के उद्योग के जरिये स्वरोजगार उपलब्ध कराने की मंशा से चांदनीखाल में खादी ग्रामोद्योग की ओर कताई बुनाई प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई। जहां ऊन की कताई-बुनाई के लिये मशीनें लगाने के साथ ही प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई। सयुंक्त उत्तर प्रदेश में केंद्र का संचालन बेहतर तरीके से किया गया। लेकिन राज्य निर्माण के बाद केंद्र की स्थिति दयनीय होती चली गई। वहीं वर्ष 2007 में तत्कालीन राज्य सरकार की ओर से यहां ग्रामीणों की मांग पर कर्मचारियों की तैनाती कर केंद्र का संचालन शुरु किया गया। लेकिन वर्ष 2018 के बाद से कर्मचारियों की कमी के चलते ताला लटका हुआ है। ऐसे में यहां लाखों की लागत से तैयार केंद्र अब जहां आवारा पशुओं की शरण स्थली बन गया है। वहीं भवन भी खराब होने लगा है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत नेगी, सन्तोष नेगी, प्रधान विनोद लाल, प्रदीप बत्र्वाल, मधुसूदन किमोठी, मुकेश नेगी का कहना है कि सरकार की ओर से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। ऐसे में सरकार इस केंद्र की सुध लेते हुए यहां कर्मचारियों की तैनाती कर युवाओं को प्रशिक्षित करना चाहिए। जिससे सरकारी धन की बर्बादी को रोकने के साथ ही सरकार के प्रयासों को जमीन पर उतारा जा सके।

क्या कहते है अधिकारी

गढवाल में खादी ग्रामोद्योग की ओर से संचालित केंद्रों में कर्मचारियों की भारी कमी है। जिसके चलते केंद्रों का संचालन कर पाना मुश्किल बना हुआ है। चांदनीखाल प्रशिक्षण केंद्र में उत्पादन कम होने और कर्मचारियों की कमी के चलते बंद पड़ा है। शासन को कर्मचारियों की कमी की सूचना दी गई है। शासन की ओर से कर्मचारियों की तैनाती के बाद केंद्र का संचालन करवाया जा सकेगा।

जीएस मेर, क्षेत्रीय प्रबंधक, हथकरधा, श्रीनगर।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!