गोपेश्वर (चमोली)। टैक्सी-मैक्सी कैब महासंघ की चमोली इकाई ने राज्य सरकार से वाहनों के किराये में बढोत्तरी की मांग उठाई है। महासंघ की ओर से रविवार को गोपेश्वर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पदाधिकारियों सहित सदस्यों ने ने किराया बढोत्तरी के प्रस्ताव पर सहमति जताई। रविवार को गोपेश्वर में टैक्सी-मैक्सी कैब महासंघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह कुंवर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महासंघ की ओर से दिनों दिन डीजल और पैट्रोल की कीमतों में हो रही वृद्धि से वाहनों के संचालन में हो रही दिक्कतों को लेकर चर्चा की गई। जिस पर महासंघ की ओर से किराये में वृद्धि के लिये सरकार से अनुरोध करने का प्रस्ताव सर्व सम्मति से पास किया गया। वहीं इस दौरान पुलिस और परिवहन विभाग से डग्गमार वाहनों के संचालन को लेकर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। महासंघ जिलाध्यक्ष ने कहा कि पैट्रोलियम पदार्थों में हुई बढोत्तरी के चलते वाहन चालकों व स्वामियों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिसके चलते महासंघ ने राज्य सरकार से वाहन किराये में बढोत्तरी की मांग उठाई है। कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सरकार की ओर से मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती तो महासंघ क्रमबद्ध आंदोलन शुरु कर देगा। इस मौके पर महासंघ की प्रांतीय इकाई के अध्यक्ष मदन मोहन नवनी, चंडी प्रसाद बहुगुणा, गोपाल सिंह, प्रेम सिंह, सुमेर सिंह औश्र गोपाल सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
posted on : March 21, 2021 6:31 pm
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
