शेयर करें !
posted on : August 11, 2021 5:39 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बुधवार को ग्राम पंचायत टंगसा में चिपको नेता, पर्यावरणविद एवं वृक्षऋषि स्व. चक्रधर तिवारी की स्मृति में अलकनंदा वन प्रभाग एवं टंगसा वन पंचायत के सौजन्य से 10 हैक्टियर भूमि पर तैयार किए गए स्मृतिवन का उद्घाटन किया। हरेला पर्व समापन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने स्मृतिवन में अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधरोपण भी किया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायत टंगसा का इतिहास पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रख्यात चिपको आन्दोलन से भी जुड़ा रहा है। आज से दशकों पहले पर्यावरण के प्रति लोगों की जागरूकता एवं सहभागिता अपने आप में अनुपम और अतुलनीय रही है। पूर्वजों से मिले पर्यावरण को और बेहतर ढंग से अपनी आने वाली पीढी को प्रदान करना हम सबकी जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी का निर्वाह अधिक से अधिक पौध लगाकर बेहतर पर्यावरण के रूप में किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चिपको आन्दोलन की इस भूमि पर आज भी लोग पर्यावरण के प्रति सजग है और इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि आगे भी जन सहभागिता के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य करने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मुरारी लाल एवं पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी को शाॅल भेंटकर उनके आजीवन कार्यो के लिए सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान ने कहा कि टंगसा में पर्यावरण संरक्षण के लिए जन सहभागिता से किए जा रहे कार्य बेहद सराहनीय है। कहा कि आने वाली पीढी को इससे निश्चित रूप से प्रेरणा मिलेगी और वे भी इस दिशा में मिलकर कार्य करेंगे। इस दौरान डीएफओ बदरीनाथ आशुतोष सिंह, डीएफओ अलकनंदा सर्वेश कुमार दुबे, मुख्य विकास अधिकारी वरूण चैधरी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनव शाह, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भण्डारी, जिला उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी वृजेन्द्र पांडेय, पूर्व विधायक कुवंर सिंह नेगी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मुरारी लाल, विकास जुगरान, मनोज तिवारी, दिनेश तिवारी, टंगसा ग्राम प्रधान बंदना देवी आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!