हरिद्वार। रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी मोहल्ले में रहने वाला दूल्हा अपनी दुल्हनिया को हेलीकॉप्टर में बैठाकर लाया। रुड़की में अचानक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग देख लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान शहरवासियों ने नई दुल्हन का तालियां बजाकर स्वागत भी किया।

जानकारी के मुताबिक रुड़की के चावमंडी निवासी विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री संजय कुमार धीमान के पुत्र की बारात दो दिसंबर को जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश गई थी। वैवाहिक कार्यक्रम बिजनौर के चांदपुर स्थित एक बैंकट हॉल में संपन्न हुए। जिसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हन नेहा धीमान को हेलीकॉप्टर में बैठाकर रुड़की लेकर पहुंचा। रुड़की के केएल डीएवी मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हुई। जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। जैसे ही दूल्हन हेलीकॉप्टर से उतरी तो लोगों ने तालियां बजाकर नवयुगल का स्वागत किया। दूल्हे के पिता संजय कुमार धीमान ने बताया उनके पिता पीएस धीमान जो कि आईआईटी से सेवानिवृत हैं, वह तुषार को बचपन से ही कहते थे कि उसकी दुल्हन हेलीकॉप्टर में लाएंगे। उन्होंने कहा उनकी इस इच्छा को पूरी करते हुए हेलीकॉप्टर बुक किया गया। पीएस धीमान अभी कोर में प्रोफेसर हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!