गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के दशोली ब्लाॅक के पाणा गांव में 16 से 19 सितंबर तक मां नंदा अष्टमी सांस्कृतिक पर्यटन विकास मेला आयोजित होगा। मेले की तैयारियों को लेकर ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी चमोली से मुलाकात कर निमंत्रण दिया। डीएम ने संबंधित विभागों को सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाएं चाक-चैबंद करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पगना-पाणा पैदल मार्ग और झिंजी पुल-ईरानी-पाणा मोटर मार्ग को सुचारु कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात करने और स्वास्थ्य विभाग की टीम व शिविर लगाने का अनुरोध किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और स्वास्थ्य टीम व शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। ग्रामीणों ने बताया कि मेले में क्षेत्र के साथ ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में रघुवीर सिंह बिष्ट, गैरव सिंह बिष्ट, मोहन सिंह नेगी, राजीव पनियाल, वीरेंद्र सिंह फरस्वाण आदि मौजूद रहे।
