जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ के तपोवन में जिला पंचायत की लापरवाही के चलते लाखों की लागत से बना पर्यटक आवास गृह खंडहर में तब्दील होने लगा है। लेकिन विभागीय अधिकारी परिसंपति के रख-रखाव को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। जिससे भवन में अब जगह-जगह दरारें पड़ने लगी हैं। वहीं जब भवन की खस्ता हालत के बारे में जानकारी के जिला पंचायत के अधिकारियों से सम्पर्क किया गया। तो जहां अपर मुख्य अधिकारी की ओर से जानकारी न होने की बात कही गई। वहीं सम्बंधित अधिकारियों की ओर से फोन नहीं उठाया गया।
बता दें कि वर्ष 2005 में जिला पंचायत चमोली की ओर से लाखों की लागत से जोशीमठ ब्लॉक के तपोवन गांव में पर्यटन को बढावा देने की मंशा से पर्यटक आवास गृह का निर्माण किया गया। जिसके बाद कुछ समय तक जिला पंचायत की ओर से इसका संचालन करने के बाद आवास गृह एनटीपीसी को किराये पर दे दिया गया। लेकिन अब एनटीपीसी की ओर से भवन को छोड़ दिया गया है। जिसके बाद से जिला पंचायत की ओर से पर्यटक आवास गृह को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है। ऐसे में यहां भवन अब रख-रखाव के अभाव में क्षतिग्रस्त होने लगा है। यहां भवन के दरवाजे और खिड़कियां लोगों को असमाजिक तत्वों ने तोड़ दिया हैं। वहीं भवन में रखा सामान भी खराब हो गया है। स्थानीय निवासी तेजपाल सिंह, रविंद्र कुमार और नरेंद्र का कहना है कि कई बार मामले को लेकर जिला पंचायत के अधिकारियों से सुधारीकरण करने की मांग की गई। लेकिन वर्तमान तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे में सरकारी धन से निर्मित परिसम्पतियों को लेकर जिला पंचायत के अधिकारियों की फिक्र का अंदाजा लगाया जा सकता है।
