थराली (चमोली)। थराली ब्लॉक के प्राणमती गांव में शुक्रवार को अचानक तीन चीड़ के पेड़ टूटकर आवासीय भवन पर जा गिरे। जिससे आवासीय भवन की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। जबकि समीप स्थित गौशाल का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि भवन स्वामी के घर में न होने के चलते घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बदरीनाथ वन प्रभाग की मध्य पिंडर रैंज में स्थित प्राणमती गांव में दोपहर में चली तेज हवाओं से यहां तीन चीड के पेड़ अचानक टूट गये। पेड़ टूटकर गांव के वंशीधर पुरोहित के आवासीय भवन की दीवार को तोड़ घर के भीतर घुस गये। वहीं समीप स्थित उनकी गौशाला का एक हिस्सा भी पेड़ की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि भवन स्वामी घटना के वक्त काम से बाहर गये हुए थे। जिससे यहां बड़ा हादसा होने से टल गया है। ग्रामीणों की ओर से सूचना दिये जाने के बाद वन विभाग और राजस्व के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया। तहसीलदार रवि शाह ने कहा कि घटना स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर आदेशों के अनुरुप प्रभावित परिवार की मदद की जाएगी।
