पटना। हम के संरक्षक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने ताड़ी को नेचुरल ड्रिंक बताते हुए नीतीश कुमार सरकार से राज्य में ताड़ी पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की है।सांसद चिराग पासवान ने कहा कि हम ताड़ी की तुलना शराब से नहीं कर सकते। इसे शराब की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता है। यह ताड़ के पेड़ से पैदा होने वाला एक प्राकृतिक रस है। यह शराब में कैसे बदल गया, यह नीतीश कुमार और उनके नौकरशाह ही समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पासी समुदाय के लाखों लोगों की जिंदगी ताड़ी पर निर्भर हैं। यह उनकी कमाई का एकमात्र जरिया है।

सांसद चिराग पासवान ने कहा कि राज्य के हर ब्लॉक में शराब बनाने की इकाइयां स्थापित हैं और अधिकारी उन्हें संचालित करने की अनुमति दे रहे हैं। नीतीश कुमार पटना के एक बड़े बंगले में बैठे हैं, जबकि पासी समाज के गरीब लोगों का वर्तमान और भविष्य अंधेरे में है। नीतीश कुमार को उनकी दुर्दशा दिखाई नहीं दे रही है। सांसद चिराग पासवान ने कहा कि राज्य की प्रशासन ताड़ी बेचने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर रहा है और उन्हें गिरफ्तार कर रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो राजधानी पटना में राज्य पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीटा और जेल में डाल दिया। पासवान ने कहा कि बिहार पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं कर रहे हैं, क्योंकि वे कमाई का हिस्सा उनके साथ भी साझा कर रहे हैं।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!