- रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती से मरीजों को मिली राहत
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के सिमली महिला बेस अस्पताल में लंबे इंतजार के बाद अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू हो गई है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए कर्णप्रयाग या श्रीनगर नहीं जाना पड़ेगा।
सिमली महिला बेस अस्पताल में वर्ष 2024 में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई थी, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा था। क्षेत्र की जनता की मांग के बाद स्वास्थ्य विभाग ने रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव शाह ने सिमली बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच शुरू कर दी है। वे सीएचसी गैरसैंण और बेस अस्पताल सिमली में वैकल्पिक रूप से तीन-तीन दिन सेवाएं देंगे। इससे दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की सुविधा मिलेगी।
अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं के साथ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और क्षेत्र के अन्य लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें जांच के लिए दूर के अस्पतालों में जाने और लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
