कर्णप्रयाग (चमोली)। रविवार को चमोली जिले के कर्णप्रयाग से पोखरी जाने मोटर मार्ग के पुल से एक महिला ने नदी में छलांग लगा दी है। जिसकी सूचना मिलने पर कर्णप्रयाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और नदी में महिला की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस अधीक्षक चमोली के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कर्णप्रयाग कोतवाली को सूचना मिली की पोखरी पुल से एक महिला ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे तो जानकारी प्राप्त हुई की दो महिलाएं हंसा देवी पत्नी स्व. रणजीत सिंह और देवेश्वरी देवी पत्नी स्व. विक्रम सिंह निवासीगण कोलसो बगोली जो कि आपस में देवरानी-जेठानी हैं अपने गांव से पुच्छयारे के पास लंगासू जा रहे थे। जैसे ही वे कर्णप्रयाग पहुंचे और टैक्सी से उतरे तो हंसा देवी टैक्सी स्टैंड से दौड़कर पोखरी पुल पर पहुंची और नदी में कूद गई। देवेश्वरी देवी के द्वारा बताया गया कि वह काफी समय से बीमार चल रही थी। हंसा देवी की तलाश स्थानीय पुलिस तथा एसडीआरएफ की ओर से नदी में की जा रही है। घटना की सूचना परिजनों को सूचना दे दी गई है।
