गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने दो सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग पर मंगलवार से कार्य बहिष्कार शुरु कर दिया है। चमोली जिले में मंगलवार को एनएचएम कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यदि नौ दिसम्बर तक सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती तो 10 दिसम्बर से चिकित्सालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनाती कर्मचारी आवश्यक सेवाओं का भी बहिष्कार शुरु कर देंगे।
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डा. राहुल बिष्ट ने कहा कि जनपद चमोली में स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन के लिये बड़े पैमाने पर एनएचएम के माध्यम से चिकित्सक, नर्सिंग स्टॉफ व अन्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है। लेकिन एनएचएम से तैनात कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य को लेकर को योजना नहीं बनाई गई है। ऐसे में कर्मचारी सरकार से हरियाणा की तर्ज पर ग्रेड वेतमान का लाभ देने और आउटसोर्सिंग के अनुबंधित कर्मचारियों को राज्य एवं जिला स्वास्थ्य समिति से नियुक्ति देने की मांग की जा रही है। ऐसे में सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांग की अनदेखी कर कोई कार्रवाई न किये जाने से कर्मचारी निराश है। जिसके चलते बाध्य होकर संघ के प्रांतीय कार्यकारणी ने आंदोलन शुरु किया है। इस मौके पर डा. नीरज नेगी, अनूप थपलियाल, सोबन सिंह नेगी, रणजीत रावत और राजवीर कुंवर सिंह अन्य लोग मौजूद थे।
