गोपेश्वर (चमोली)। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सोनू हसन पर लगे नाबालिका से दुराचार के आरोप को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गोपेश्वर इकाई के कार्यकर्ताओं ने चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के तिराहे पर पुतला दहन कर आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।
एबीवीपी के विभाग संयोजक अमित मिश्रा ने कहा कि देहरादून में नाबालिक छात्रा के साथ दुराचार का मामला विगत दो माह पूर्व सामने आया था। जिसमें दो लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जांच में यूथ कांग्रेस के महासचिव सोनू हसन को भी आरोपी मानते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एबीवीपी इस कृत्य के लिए यूथ कांग्रेस के महासचिव की फांसी की मांग करती है। उन्होंने कहा कि जो युवा कांग्रेसी स्वयं को स्वच्छ और बेदाग छवि का संगठन बताता है उसी संगठन के कार्यकर्ता इस तरह के घृणित कार्य को कर रहे है जो क्षमा योग्य नहीं है और ऐसे लोगों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। इस मौके पर गढ़वाल संयोजक विपिन कंडारी, आयुष हटवाल, विपिन जोशी, अभिषेक मिश्रा, प्रतीक भट्ट आदि मौजूद थे।
