हत्यारोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज ने की तीस हजार नगद ईनाम की घोषणा, एसपी चमोली ने पांच हजार की
थराली (चमोली)। चमोली जिले के देवाल विकास खंड के खेता मानमती गांव की दलित युवती पिंकी का हत्यारोपी जो एक वर्ष से फरार चल रहा था को चमोली पुलिस ने बुधवार की देर सांय को कर्णप्रयाग के सिमली बैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पिंकी हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल ने तीस हजार तथा पुलिस अधीक्षक चमोली की ओर से पांच हजार रूपये नगर ईनाम की घोषणा की है।
बता दें कि खेता मानमती की पिंकी की हत्या उसी गांव के एक व्यक्ति ने एक वर्ष पूर्व 13 अक्टूबर 2021 को कर दी थी। जिसकी तहरीर परिजनों ने राजस्व पुलिस को सौंपी थी लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जब इस हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोगों ने पिंकी हत्या की एक वर्ष बीत जाने पर 13 अक्टूबर 2022 से देवाल ब्लाॅक मुख्यालय पर आंदोलन शुरू कर दिया था। जो अभी भी जारी है। आंदोलन के दबाव के चलते मामले में तेजी लाते हुए पुलिस ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबीश देनी शुरू की। यहां तक की आरोपी को भगोड़ घोषित करते उसकी कुर्की के आदेश जारी करते हुए पांच हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था।
इस बीच पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की नेपाल, दिल्ली, मुंबई, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार सहित तमाम अन्य संभावित स्थानों पर आरोपी की तेजी से तलाश शुरू कर दी। कर्णप्रयाग पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी ने थराली थाने में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस कर अभियुक्त में गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की देर सांय एसओजी एवं स्थानीय पुलिस की टीम ने मोबाइल सर्विलांस एवं मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी गुलाब सिंह गडिया 34 वर्ष निवासी खेता को सिमली वन विभाग गेट के पास गिरफ्तार कर लिया हैं।
उन्होंने बताया कि इस पुलिस टीम में थराली थाने के प्रभारी निरीक्षक बृज मोहन राणा, एसओ पोखरी ध्वजवीर सिंह पंवार, देवाल चैकी के उप निरीक्षक दिनेश पवांर, गोपेश्वर के एसओजी प्रभारी नवनीत भंडारी, एसओजी कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, चंदन नगरकोटी, राजेंद्र एवं लक्ष्मण शामिल थे।
