posted on : September 16, 2025 7:48 pm

पोखरी (चमोली)। पोखरी तहसील दिवस में पांच शिकायतें दर्ज हुई। इनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी अबरार अहमद की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में दो लिखित तथा दो मौखिक शिकायतें दर्ज की गई। इस दौरान राजेन्द्र सिंह असवाल ने शिकायत की कि बाजार से सीएचसी के पास जाने वाली नाली में पाइप न लगाए जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। उन्होंने निकासी के लिए पाइप लाइन लगाने की मांग की। अधिवक्ता देवेंद्र सिंह राणा ने शिकायत की कि राजकीय इंटर कॉलेज गोदली में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने जल संस्थान से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने शिकायत करते हुए कहा कि रौता ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन का काम आधा अधूरा पड़ा है। इसलिए योजना पर काम शुरू कर ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा ने भिकोना में बदरों और लंगूरों का आतंक से निजात दिलाने की मांग की। अधिवक्ता श्रवण सती ने देवस्थान में जल निगम द्वारा दो-दो पेयजल लाइनें बिछाने पर आपत्ति दर्ज करते हुए एक ही लाइन बिछाने की मांग की है। इस पर एसडीएम ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीएम अबरार अहमद ने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान पर बल देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!