posted on : November 12, 2025 7:17 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि सरकारी संस्थानों तथा सड़कों का नामकरण अब शहीदों के नाम पर किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद के विभिन्न सरकारी संस्थानों, स्कूलों और सड़कों  का नामकरण अमर शहीदों के नाम पर किए जाने पर जोरदार मंथन किया गया। डीएम ने कहा कि शहीदों के नाम पर नामकरण जनपदवासियों की भावनाओं से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्कूलों, सड़कों और सरकारी संस्थानों का नामकरण कार्य जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

डीएम ने  गोपेश्वर-मंडल मोटर मार्ग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.श्री मेहरबान सिंह रावत के नाम पर तथा राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री आलम सिंह फरस्वाण के नाम पर किए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को स्थानीय जनभावनाओं के अनुरूप नामकरण से संबंधित विषयों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड देवाल के अंतर्गत ल्वाणी-सुया मोटर मार्ग को स्व. श्री खीम सिंह के नाम पर तथा कर्णप्रयाग के नैनीसैण-कालूसैण-आमसौड़ मार्ग को स्व. श्री तुलाराम थपलियाल के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव की समीक्षा की। इस दौरान कार्यदायी संस्था के सक्षम अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने अलग से बैठक बुलाकर निर्णय लेकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश  दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाने पर जोर दिया।

इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, विधायक प्रतिनिधि अरविंद नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह, लोनिवि के सहायक अभियंता उमेश धारिया समेत सभी उप जिलाधिकारी एवं लोनिवि के अधिकारी व कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से जुडे रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!