शेयर करें !
posted on : September 14, 2026 5:42 pm
  • गड्ढामुक्त होंगी प्रदेश की सड़कें, चारधाम यात्रा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विभिन्न जनहित के विषयों की समीक्षा करते हुए प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वह खुद सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों की स्थिति का औचक निरीक्षण करेंगे। मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की नियमित समीक्षा और निर्माणदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता समेत सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा जिलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिले तथा जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए।

‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और जनसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाओं और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता जांचने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय से बीमारी की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल, सचिवगण, विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!