गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में भी मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की तैयारी प्रारंभ कर दी गई हैं। एसआईआर को पारदर्शी, समयबद्ध तथा त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने का संकल्प लिया गया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में एसआईआर कार्यक्रम को लेकर हुई बैठक में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने, अपात्र, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट प्रविशिष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर एनुमरेशन फाॅम वितरित किए जाएंगे तथा मतदाताओं को फार्म भरने संबंधी जानकारी दी जाएगी। बीएलओ द्वारा मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता भी प्रदान की जाएगी। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलेगा तो बीएलओ वहां गणना प्रपत्र छोड़ेंगे तथा उसे प्राप्त करने के लिए तीन बार भ्रमण करेंगे।
मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र ऑनलाइन डाउनलोड एवं अपलोड कर सकते हैं, जिनका सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को स्वः सत्यापित प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐनुमैरेशन फेज के दौरान कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। इस चरण में केवल सत्यापन एवं लिंकिंग का कार्य होगा। आवश्यकता पड़ने पर बाद की प्रक्रिया में संबंधित अधिकारियों द्वारा दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं करता है, तो बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर उसे अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट के रूप में चिन्हित करेंगे। ऐसे मतदाताओं की सूची पंचायत भवन, नगरीय निकाय कार्यालय एवं डीईओ वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि आधार कार्ड केवल पहचान प्रमाण के रूप में मान्य होगा, नागरिकता प्रमाण के रूप में नहीं। बताया गया कि आधार संख्या देना वैकल्पिक रहेगा।
डीएम गौरव कुमार ने बताया कि 14 जुलाई को निर्वाचक नामावली का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ के सहयोग हेतु बीएलए-2 नियुक्त करने तथा मतदाताओं को एसआईआर कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा हट गया है, वे फार्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर अपना नाम पुनः दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में आम आदमी पार्टी से अनूप सिंह रावत, भारतीय जनता पार्टी से राकेश जोशी, गजेंद्र सिंह रावत एवं विनोद नेगी, कांग्रेस से मदन लोहानी, खिलाफ सिंह बिष्ट एवं ईश्वरी प्रसाद मैखुरी, बहुजन समाज पार्टी से खेमराम कोटियाल, उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गीताराम उनियाल समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
