शिमला। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लीं। उनके साथ मुकेश अग्निहोत्री ने डिप्‍टी सीएम पद शपथ लीं। शपथ ग्रहण समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित की गई। सुक्‍खू कैबिनेट का विस्‍तार बाद में किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राजीव शुक्ला, प्रतिभा सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 हो सकती है। कैबिनेट का बाद में विस्तार किया जाएगा। केंद्रीय पर्यवेक्षकों-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार शाम को विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए क्रमश: पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुक्खू (58) और विपक्ष के नेता रहे अग्निहोत्री (60) के नामों की घोषणा की थी।

इसके बाद नामित मुख्यमंत्री सुक्खू ने राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके साथ प्रदेश में पार्टी के प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह भी राज्यपाल के पास गई थीं। राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश में नयी सरकार के गठन का दावा करने के लिए एक औपचारिक पत्र सौंपा गया।

बता दें कि प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने मुख्यमंत्री के रूप में सुक्खू के चयन को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था। बाद में प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह पार्टी आलाकमान का फैसला स्वीकार करती हैं। सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे।

मां ने कहा-मेरा बेटा सेवादार है, सेवा करता रहेगा

शपथ ग्रहण समारोह से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसार देवी शिमला के संजोली हेलीपैड पर पहुंची। यहां सुक्खू ने उनकी अगवानी की। उनकी मां ने कहा कि उनका बेटा एक सेवादार है और वह लोगों की सेवा करता रहेगा।

प्रतिभा सिंह के घर पहुंचे थे सुक्खू

इससे पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की थी। प्रतिभा सिंह के मुलाकात के बाद सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह राज्य में पार्टी की मुखिया हैं। सभी उनके मार्गदर्शन में काम करते हैं, इसलिए वह उन्हें शपथ ग्रहण में आमंत्रित करने के लिए आए थे।

                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!