posted on : April 26, 2021 5:52 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली में सोमवार को कोरोना के 177 नए मामले सामने आए। सोमवार को घाट ब्लाक में 57, कर्णप्रयाग में 49, थराली में 19, नारायणबगड व जोशीमठ से 14-14, गोपेश्वर में 13, चमोली में 6, पोखरी में 3 तथा देवाल में 2 लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव मिली। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों का इलाज शुरू कर दिया है। जिले में अब तक 4238 लोग कोरोना से संक्रमित हुए है, हालांकि इसमें से 3533 लोग ठीक हो चुके हंै और 650 अभी एक्टिव केस हैं।

 

घाट ब्लाक के कुरूड़ में 127-प्रादेशिक सेना बटालियन गढवाल राइफल कैंप में कोविड के 45 मामले सामने आने पर जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में पूरे कैंप को कन्टेनमेंट जोन बनाया गया है। यहाॅ पर पूरी तरह लाॅकडाउन रहेगा। इससे पूर्व गैरसैंण क्षेत्रान्तर्गत कुशरानी बिचली गांव को कन्टेनमेंट जोन बनाया गया था।

कोविड संक्रमण की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन सभी जरूरी कदम उठा रहा है। जनपद वासियों को संक्रमण से बचने के लिए शारीरिक दूरी रखने एवं मास्क पहनने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिला अस्पताल सहित गौचर, कर्णप्रयाग एवं जोशीमठ में भी ट्रू-नाॅट मशीन से भी कोविड टेस्ट किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए जा रहे है। सोमवार को 353 संदिग्ध व्यक्तियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिले से अभी तक 82318 व्यक्तियों के सैंपल आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेजे जा चुके हैं, जिसमें से 68187 सैंपल नेगेटिव तथा 4238 सैंपल पाॅजिटिव मिले और 1768 लोगों की रिर्पोट आनी बाकी है। गौचर प्रवेश सीमा पर बाहरी प्रदेशों से आने वाले 390 तथा गैरसैंण बैरियर पर 223 व्यक्तियों व्यक्तियों के सैंपल जांच की गई।

कोविड संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत 37 लोगों को जिला कोविड हेल्थ सेंटर में भर्ती किया गया है। इसके अलावा 584 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। मेडिकल टीम द्वारा आइसोलेट किए गए सभी मरीजों की रेग्यूलर जाॅच की जा रही है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कोरोना संक्रमण की जानकारी जुटाने के लिए ब्लाक एवं सिटी रिसपोंस टीमें भी तैनात की गई है।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!