घाट (चमोली)। चमोली जिले में मंगलवार को अपराह्न बाद हुई भारी वर्षा के चलते कई स्थानों पर मलवा आ गया है। वहीं विकास खंड घाट मुख्यालय के बाजार के ऊपर की पहाड़ी से आया भारी मलवा घरों व दुकानों में घुस गया जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल कर इधर-उधर भागने लगे। हालांकि इस घटना में अभी तक किसी प्रकार की जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि घाट के ऊपरी बुग्याली क्षेत्रों में बादल फटने से यह मलवा बाजार तक पहुंचा है। आपदा प्रबंधन चमोली की ओर से इस मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम घटना स्थल का जायजा लेने के लिये पहुंच गयी है।

स्थानीय निवासी नरेश मैंदोली, द्वारिका प्रसाद मैन्दोली और हरीश प्रसाद का कहना है कि घाट ब्लॉक मुख्यालय पर मंगलवार के चार बजे से गरज के साथ तेज बारिश शुरु हुई। जिसके बाद करीब 10 मिनट बाद जोरदार आवाज के साथ घाट ब्लॉक मुख्यालय की बिनसर पहाड़ी से तीन धाराओं में मलबा और पानी घाट के बैंड बाजार की ओर बहने लगा। जिस पर बाजार के दूसरी ओर से लोगों का शोर सुनकर यहां मौजूद लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गये। यहां एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। एक घंटे बाद बारिश कम होने पर लोग वापस अपने घरों में लौटे। घटना में जहां बैंड बाजार की करीब 15 दुकानों में मलबा घुसने से दुकानों का सामान खराब हो गया है। वहीं 20 से अधिक आवासीय भवनों में मलबा घुसने घरों में रखा सामान पूरी तरह खराब हो गया है। हालांकि घटना में देर शाम तक किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी चमोली नंदकिशोर जोशी ने बताया कि उन्हें घाट में पहाड़ी से आया  मलवा दुकानों व घरों में घूसने की सूचना मिली है। जिस पर घाट तहसील प्रशासन से इस मामले में जानकारी हासिल की जा रही है। अभी तक इस घटना में किसी तरह की जानमान के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि अनुमान लगाया  जा रहा है कि घाट के ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने से यह घटना घटित हो सकती है। जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं दूसरी ओर चमोली पुलिस की ओर से भी मैसेज जारी कर जानकारी दी गई है कि घाट में बादल फटने से सूचना है। जिसके बाद एसडीआरएफ व पुलिस टीम को मौके लिए रवाना कर दिया गया है।

 

 

                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!