कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग में बाबा के आश्रम के पास चारधाम सड़क परियोजना के तहत हाईवे सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य में निकलने वाला मलवा सीधे नदी में डाला जा रहा है। जिसका विरोध करते हुए भाकपा माले के गढ़वाल सचिव इंद्रेश मैखुरी ने जिलाधिकारी को पत्र व विडियो भेज कर एनजीटी के नियमों के उल्लघंन में कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई करने की मांग की है।
भाकपा माले के गढ़वाल सचिव इंद्रेश मैखुरी का कहना है कि कर्णप्रयाग के सामाजिक कार्यकर्ता अनूप चैहान ने उन्हें एक विडियो उपलब्ध करवाया है जिसमें कर्णप्रयाग से चमोली की ओर बाबा के आश्रम के पास हाईवे सुधारीकरण के कार्य में निकलने वाला मलवा सीधे अलकनंदा नदी में डाला जा रहा है। जबकि नियमानुसार इस मलवे को डंपिंग जोन में डाला जाना चाहिए था लेकिन कार्यदायी संस्था अपनी सुविधा को देखते हुए इसे निर्माण स्थल के पास में ही सीधे नदी में डाल रही है जो कि एनजीटी के नियमों का खुला उल्लघंन है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए कार्यदायी संस्था पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
