शेयर करें !
posted on : August 22, 2026 6:46 pm
Independence Day 2026 Greetings

गोपेश्वर (चमोली)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले में 63,347 नोटिसों में से 63,247 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में प्रेस वार्ता कर अभियान की प्रगति की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 21,818, थराली में 19,921 और कर्णप्रयाग में 21,508 नोटिस वितरित किए गए हैं। शेष 100 नोटिसों का वितरण भी किया जा रहा है। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के 633 मतदेय स्थलों में से 573 पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 60 मतदेय स्थलों पर सुनवाई शेष है। बद्रीनाथ में 219 में से 211, थराली में 220 में से 171 और कर्णप्रयाग में 194 में से 191 मतदेय स्थलों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है।

जिलाधिकारी के अनुसार 15 जुलाई से 13 अगस्त तक 4,357 और 14 से 21 अगस्त तक 1,877 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इस तरह अब तक कुल 6,234 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें नए मतदाता पंजीकरण के फार्म-6, नाम विलोपन के फार्म-7 तथा संशोधन और स्थानांतरण के फार्म-8 शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त से ईआरओ नेट पर ऑनलाइन प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के बाद नियमानुसार किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को होना है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कार्मिकों को दावे-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रेस वार्ता में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती सहित प्रेस प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!